गोविंदपुर: गोविंदपुर के ऐतिहासिक रास मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।
मंदिर समिति के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर भव्य महाआरती आयोजित होगी। वहीं, जन्माष्टमी के अगले दिन विशेष भक्ति संगीत कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें कोलकाता से आने वाले प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसे लेकर श्रद्धालुओं और युवाओं में उत्साह है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी CCTV कैमरों के माध्यम से की जाएगी। पुलिस बल के साथ मंदिर समिति के वॉलंटियर्स भी व्यवस्था संभालेंगे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बारिश से बचाव के लिए वाटरप्रूफ शेड और प्रसाद वितरण के लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए मुख्य मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
मंदिर समिति ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से परिवार के साथ रास मंदिर पहुंचकर जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजन में भाग लेने का आग्रह किया गया है।
प्रेस वार्ता में मंदिर समिति के अध्यक्ष विमल कुमार यादव, लक्ष्मण सिंह, अनिल कुमार गुप्ता, निर्मल कुमार, उज्ज्वल मंडल, कल्याण रूज, उत्तम कुमार सेन और अमल दत्ता समेत समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
















