धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर में कक्षा 3 के विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। बच्चों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों को उपहार और हाथ से बनाए गए शुभकामना कार्ड भेंट किए।
बच्चों के इस स्नेह से शिक्षक भावुक नजर आए। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को प्यार और आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान कक्षा का माहौल खुशी, आत्मीयता और गुरु-शिष्य के सम्मान से सराबोर रहा।
शिक्षकों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भारत में हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। शिक्षक दिवस समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर है।
















