रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने शहरों में फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं के लिए बेहतर और व्यवस्थित व्यवस्था बनाने पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम करने को कहा। इससे फुटपाथी दुकानदारों को निर्धारित स्थान मिल सकेगा और सड़कों पर लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को केवल समय पर पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और शहरों में बेहतर नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
















