चिरकुंडा (बिरेन्द्र ठाकुर): क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार के बीच बच्चों को नशे से दूर रखने और उन्हें खेल व शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने पहल की। उन्होंने चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 17, मोहुलडांगाल के बच्चों के बीच फुटबॉल और जर्सी का वितरण किया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों से नशे से हमेशा दूर रहने और नियमित रूप से शिक्षा से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन और सकारात्मक दिशा भी देता है।
थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि अपनी ओर से बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में चिरकुंडा थाना के सभी पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस मौके पर समाजसेवी रंजीत रवानी भी उपस्थित थे।
















