,

गिरिडीह कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा में मुखिया फरार, पुलिसकर्मी को धक्का देकर बोलेरो से भागा

JP Bharat Shareगिरिडीह: गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर में पुलिस अभिरक्षा में लाए गए एक पंचायत मुखिया के फरार होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पेशी के लिए ले जा रहे पुलिस पदाधिकारी को धक्का देकर गिराया और मौके का फायदा उठाकर पहले से खड़ी बोलेरो में…

JP Bharat Share

गिरिडीह: गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कचहरी परिसर में पुलिस अभिरक्षा में लाए गए एक पंचायत मुखिया के फरार होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पेशी के लिए ले जा रहे पुलिस पदाधिकारी को धक्का देकर गिराया और मौके का फायदा उठाकर पहले से खड़ी बोलेरो में बैठकर फरार हो गया।

फरार आरोपी की पहचान विनोद साव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी में कांड संख्या 218/26 दर्ज है। पुलिस के अनुसार, मामले में महिला को निर्वस्त्र करने, घर में घुसकर मारपीट करने और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मेडिकल जांच के बाद कोर्ट लाया गया था

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विनोद साव को ताराटांड़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे गिरिडीह लाया गया और कोर्ट में पेशी से पहले सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई।

मेडिकल जांच पूरी होने के बाद अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल आरोपी को न्यायाधीश के समक्ष पेश करने के लिए कचहरी परिसर लेकर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस पदाधिकारी को धक्का दे दिया। पुलिसकर्मी के गिरते ही वह वहां से भाग निकला।

पहले से खड़ी थी बोलेरो

पुलिस के अनुसार, कचहरी परिसर में पहले से खड़ी एक बोलेरो में आरोपी सवार हुआ और मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि फरारी की योजना पहले से तैयार की गई हो सकती है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि आरोपी को भागने में किस-किस व्यक्ति ने मदद की।

घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। मामले की जानकारी गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार और खोरीमहुआ एसडीपीओ को दी गई।

गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

एसपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस जमुआ और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

वहीं, आरोपी के फरार होने में इस्तेमाल की गई बोलेरो को पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक विनोद साव पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस मामले में फरारी की पूरी परिस्थितियों और संभावित मददगारों की भूमिका की जांच कर रही है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports