राजगंज: संत मैथ्यूज हाई स्कूल, राजगंज में शनिवार, 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों ने बारी-बारी से मंच पर पहुंचकर भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
विद्यालय के प्राचार्य राहुल कुमार दे ने अपने संबोधन में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन से अज्ञानता का अंधकार दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के अकादमिक निदेशक टी. के. सिन्हा ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि एक बेहतर शिक्षक ही बेहतर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं विद्यालय के निदेशक रवीन्द्र चंद्र दे ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय अपने समर्पित शिक्षकों पर गर्व करता है। उन्होंने शिक्षकों के त्याग और मेहनत को विद्यालय की महत्वपूर्ण पूंजी बताया तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान शिक्षकों के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। महिला और पुरुष शिक्षकों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी मनोरंजक हो गया।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं की छात्राओं लक्ष्मी कुमारी और अंतरा कुमारी ने किया। समारोह के अंत में स्कूल कैप्टन लखीराम रजवार ने सभी शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उपहार भेंट किए। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए शिक्षक दिवस को यादगार बनाया।
















