सिंदरी, धनबाद: सिंदरी स्थित पावर मेक परियोजना में काम करने वाले 40 स्थानीय मजदूरों ने एसके एंटरप्राइजेज पर एक महीने का वेतन भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित मजदूर जेपी सिंह और अजय दास के अनुसार, ठेकेदार अरविंद दास मजदूरी की राशि लेकर फरार हो गया है। उन्होंने पावर मेक प्रबंधन से भी भुगतान की जिम्मेदारी निभाने की मांग की। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका बकाया वेतन नहीं मिला, तो वे परिवार सहित आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
मामले में कंपनी का पक्ष जानने के लिए पत्रकारों के कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। मजदूरों ने जिला प्रशासन और श्रम विभाग से हस्तक्षेप कर बकाया वेतन दिलाने की मांग की है। आरोपों पर संबंधित कंपनियों का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
















