टुंडी: पूर्णाडीह पंचायत भवन में रविवार को माहुरी वैश्य मंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत समाज की आराध्य देवी मां मथुरासिनी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा के बाद समाज की एकता, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके बाद श्री अमोद राम की अध्यक्षता में बैठक आगे बढ़ी।
बैठक में समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन को मजबूत करने, आपसी एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने समेत कई सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद सदस्यों की सर्वसम्मति से पूर्णाडीह माहुरी वैश्य मंडल समिति का पुनर्गठन किया गया।
नई समिति में दिलीप कुमार बेशख़्यार को अध्यक्ष, हकीम राम कुट्टियार को सचिव, बजरंग गुप्ता को उपाध्यक्ष, नितिन राम सेठ को कोषाध्यक्ष और सुरेश राम बेशख़्यार को संगठन मंत्री चुना गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर सदस्यों ने सभी पदाधिकारियों को फूल-माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए एकता, संगठन और आपसी सहयोग जरूरी है। युवा पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता और सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप कुमार बेशख़्यार सहित सभी पदाधिकारियों ने समाज के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मंडल को मजबूत करने और समाजहित में बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के समापन पर मां मथुरासिनी से समाज की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की गई।
















