धनबाद: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने 1 सितंबर 2026 को 70 वर्ष पूरे कर 71वें वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर LIC गेस्ट हाउस में बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने LIC की सात दशक लंबी यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
हेमंत मिश्रा ने कहा कि वर्ष 1956 में एक छोटे पौधे के रूप में शुरू हुआ LIC आज भारतीय वित्तीय क्षेत्र में विश्वास के बड़े संस्थान के रूप में स्थापित हो चुका है। उनके अनुसार, वर्तमान में निगम की कुल संपत्ति 59 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि देश के विकास में LIC ने 55 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
उन्होंने बताया कि LIC का करीब 40 लाख करोड़ रुपये केंद्र और राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों के साथ-साथ आवास, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेशित है। वहीं, पॉलिसीधारकों के लिए 59,726 करोड़ रुपये का बोनस घोषित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.2 प्रतिशत अधिक बताया गया।
मिश्रा के अनुसार, LIC करीब 99 प्रतिशत दावों का निपटारा करती है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 253.91 लाख दावों का भुगतान किया। उन्होंने LIC का सॉल्वेंसी रेश्यो 2.35 गुना बताया और कहा कि सात दशकों से निगम देश के लाखों परिवारों को वित्तीय सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रेस वार्ता में संगठन सचिव अमित कुमार, सहायक सचिव सुबीर कुमार राम समेत संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
















