धनबाद: कोयलांचल की बेटी जानवी झाम्ब ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर धनबाद का नाम रोशन किया है। दुनिया के प्रतिष्ठित समाचार पत्र द न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट में जानवी के विचारों को जगह मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
2 सितंबर को द न्यूयॉर्क टाइम्स में “How the Delhi Metro Became a Leading Transit System” शीर्षक से दिल्ली मेट्रो के विकास और कार्यप्रणाली पर विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित हुई। रिपोर्ट में मेट्रो की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के अनुभवों से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई।
एक नियमित यात्री के तौर पर जानवी झाम्ब ने दिल्ली मेट्रो को यात्रा के लिए सुविधाजनक और प्रभावी माध्यम बताया। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सार्वजनिक परिवहन को आम लोगों के लिए और अधिक किफायती बनाया जाना चाहिए।
रिपोर्ट में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें महिला यात्रियों के लिए आरक्षित कोच, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के लिए तैनात मार्शलों जैसी व्यवस्थाओं को रेखांकित किया गया। इसी संदर्भ में जानवी के अनुभव और विचारों को भी रिपोर्ट में शामिल किया गया।
🎓 प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
बैंक मोड़ निवासी व्यवसायी रवि झाम्ब की बेटी जानवी की प्रारंभिक शिक्षा कार्मल स्कूल, डिगवाडीह से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
वर्तमान में जानवी गुजरात के गांधीनगर स्थित नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी से एलएलबी ऑनर्स इन फोरेंसिक स्टडीज की पढ़ाई कर रही हैं।
जानवी ने अपनी उपलब्धि को लेकर कहा कि छोटे शहर से निकलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचना और फिर अंतरराष्ट्रीय मीडिया के मंच पर अपने विचार रखने का अवसर उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
उनके पिता रवि झाम्ब और शुभचिंतकों का कहना है कि मेहनत, प्रतिभा और अपने विचारों को मजबूती से रखने का आत्मविश्वास हो तो छोटे शहरों से निकलने वाली आवाज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती है।
जानवी की इस उपलब्धि को धनबाद के लिए गौरव की बात माना जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
















