धनबाद: शहर के व्यस्त कोर्ट रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने अभियान चलाया। एसडीएम लोकेश बारंगे के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले, काउंटर, गुमटी और अन्य अस्थायी दुकानों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। नगर निगम की टीम ने कई सामान जब्त कर उन्हें ट्रैक्टर के जरिए निगम कार्यालय भेजा। इसके अलावा सड़क पर और किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े बाइक व अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
जाम से राहत दिलाने पर जोर
एसडीएम लोकेश बारंगे ने कहा कि कोर्ट रोड शहर का महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है। अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब सड़क को दोबारा अतिक्रमण से बचाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी।
















