धनबाद: बीआईटी सिंदरी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के बीटेक विद्यार्थियों के लिए चल रहे इंडक्शन कम ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 के तहत बुधवार, 9 सितंबर को कई ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के पहले सत्र में धनबाद के सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, नेतृत्व और जिम्मेदारी का महत्व बताया। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
इसके बाद आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने तकनीकी शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार सीखने, जिज्ञासु बने रहने और अपनी क्षमताओं का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भविष्य में स्टार्टअप शुरू करने की दिशा में भी छात्रों को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर बीआईटी सिंदरी के निदेशक प्रो. डॉ. पंकज राय ने अतिथियों को पौधा और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
दोपहर के सत्र में इको क्लब ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में युवाओं की भूमिका पर जानकारी दी। वहीं लाइट सिंदरी ने संस्थागत सहयोग और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। अंतिम सत्र में फोटोग्राफिक क्लब ने फोटोग्राफी और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंडक्शन प्रोग्राम के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) आर. के. वर्मा, कन्वेनर डॉ. राहुल कुमार और प्रो. संजय पाल समेत संस्थान के विभिन्न शिक्षकों एवं छात्र समन्वयकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान प्रो. जे. एन. महतो, प्रो. प्रफुल्ल शर्मा समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।
















