धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को शहरी क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को काम में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में योजनाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
SNMMCH परिसर में मुख्य द्वार और सड़क निर्माण का निरीक्षण करते हुए डीडीसी ने दोनों कार्यों को 25 सितंबर तक हर हाल में पूरा कर प्रबंधन को सौंपने का निर्देश दिया। इसके अलावा निर्माणाधीन कैथ लैब भवन का भी DMFT PMU, भवन निर्माण विभाग और विद्युत प्रमंडल के अभियंताओं के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
तेली क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए डीडीसी ने जिले में निर्माणाधीन सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सुरक्षा के मद्देनजर बाउंड्री निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मध्य विद्यालय दुर्गा मंदिर परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के लिए नया भवन, बच्चों के लिए अलग-अलग शौचालय समेत अन्य जरूरी कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।
वहीं पॉलिटेकनिक में वेंचर्स द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट सेंटर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करें।
















