धनबाद: छात्रों के हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा धनबाद महानगर एवं ग्रामीण इकाई की ओर से बरवाअड्डा स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान JSSC-JPSC परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच कराने और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, धनबाद सांसद ढुलू महतो, पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, सिंदरी की भाजपा नेत्री तारा देवी, महानगर जिलाध्यक्ष श्रवण राय, जिला महामंत्री मानस प्रसून और रूपेश कुमार सिन्हा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई जरूरी है। पार्टी ने छात्र हित के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही।
















