धनबाद: डिगवाडीह निवासी युवा क्रिकेटर कोनैन कुरैशी की दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शानदार शतकीय पारी के बाद धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) में खुशी का माहौल है। रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित DCA कार्यालय में उभरते क्रिकेटरों और पदाधिकारियों ने केक काटकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया।
कोनैन कुरैशी को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ अपना पहला प्रथम श्रेणी मुकाबला खेलने का मौका मिला था। खास बात यह है कि उन्होंने इससे पहले एक भी रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेला था।
दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ खेले गए पांच दिवसीय फाइनल में कोनैन ने दूसरी पारी में नाबाद 116 रन की शानदार पारी खेली। पहली पारी में उन्होंने 40 रन बनाए और दो विकेट भी चटकाए, जिसमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा का विकेट भी शामिल रहा।
कोनैन के प्रदर्शन से धनबाद के क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह है। इस मौके पर DCA के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और जावेद खान, JSCA कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास समेत कई पदाधिकारी, क्रिकेटर और अन्य लोग मौजूद रहे।
















