कोलकाता: पश्चिम बंगाल में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए चार नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। इसके तहत पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरदुआर के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा को शामिल किया गया है।
बताया गया है कि इन परियोजनाओं को लेकर 23 सितंबर को केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, राज्य सरकार एयरपोर्ट परियोजनाओं के लिए जमीन के साथ बिजली, पानी, संपर्क सड़क और सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। वहीं केंद्र सरकार बुनियादी ढांचे के विकास में भूमिका निभाएगी, जबकि AAI हवाई यातायात संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेगा।
यह पहल संशोधित ‘उड़ान 6.0’ योजना के तहत क्षेत्रीय और दूरदराज के इलाकों में हवाई संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से प्रस्तावित है। परियोजनाओं के लागू होने के बाद इन क्षेत्रों में हवाई सेवाओं की पहुंच को लेकर नई संभावनाएं बन सकती हैं।
















