गोविंदपुर (धनबाद): आर.एस. मोर कॉलेज, गोविंदपुर के जर्जर भवन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का चार दिनों से चल रहा आंदोलन वार्ता के बाद समाप्त हो गया। छात्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक महीने के भीतर भवन से जुड़े जरूरी कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।
कॉलेज भवन के कई हिस्सों की स्थिति खराब बताई जा रही है। छज्जों और भवन के अन्य हिस्सों के टूटकर गिरने की आशंका के बीच विद्यार्थियों को कक्षाओं में पढ़ाई करनी पड़ रही थी। छात्रों ने इसे सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए मरम्मत की मांग की थी।
आवाज-ए-इंसाफ छात्र शक्ति के नेतृत्व में छात्र नेता अफरोज अंसारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति और कॉलेज प्राचार्य को पत्राचार कर भवन की मरम्मत और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद छात्रों ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया।
चार दिनों तक चले आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के साथ वार्ता की। छात्रों का कहना है कि बातचीत के दौरान कुलपति ने एक महीने के भीतर जर्जर भवन से संबंधित कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि, छात्रों ने कहा कि अब वे प्रशासन के आश्वासन के क्रियान्वयन पर नजर रखेंगे और निर्धारित समय में काम शुरू नहीं होने पर आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
















