धनबाद: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के रविवार को धनबाद आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। सुबह करीब 10:40 बजे बरवाअड्डा हवाईअड्डा पहुंचने पर वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। इसके बाद राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
हवाईअड्डे से राज्यपाल सड़क मार्ग से आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के गोल्डन जुबली लेक्चर थिएटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
राज्यपाल के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से बरवाअड्डा एयरपोर्ट से IIT (ISM) परिसर तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। कारकेड रूट, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती की गई।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों को भी लगाया गया था। वहीं, एंटी-सबोटाज टीम ने निर्धारित मार्ग की जांच की। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कारकेड के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी और SNMMCH की चिकित्सा व्यवस्था को भी अलर्ट रखा गया।
मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब समेत जिला प्रशासन, पुलिस और IIT (ISM) के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
















