धनबाद: गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे जोनल ट्रेनिंग स्कूल के पास लाल बंगला के आगे झाड़ियों से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान वासेपुर निवासी शाहबाज अहमद उर्फ अमन खान के रूप में हुई है।
सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव देखा, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
बैंक मोड़ और गोंदूडीह पुलिस पहुंची
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और गोंदूडीह ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव झाड़ियों तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।
















