धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC ADIB-26 का समापन हुआ। प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग (DMS&IE) की ओर से आयोजित यह सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को हुआ।
सम्मेलन के अंतिम दिन BCCL के अधिकारी देव कुमार वर्मा ने कीनोट स्पीकर के रूप में संबोधित किया। उन्होंने सतत विकास को आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी बताते हुए पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने धनबाद में पर्यावरण और सतत विकास से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहतर परिस्थितियां तैयार करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
सम्मेलन में धनबाद मंडल के DRM समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, देश-विदेश से आए शोधार्थी, प्रोफेसर और विद्यार्थी शामिल हुए।
सम्मेलन संयोजक प्रो. हिमांशु गुप्ता ने बताया कि IC ADIB-26 का उद्देश्य स्थिरता, नवाचार और व्यवसाय से जुड़े नए विचारों को साझा करने के लिए शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग जगत को एक मंच उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि देव कुमार वर्मा के औद्योगिक अनुभव से सम्मेलन में शामिल प्रतिभागियों को उपयोगी जानकारी मिली।
















