हैदराबाद: तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने निलंबित DSP संकीरेड्डी भीम रेड्डी से जुड़े आय से अधिक संपत्ति के मामले में हैदराबाद और जहीराबाद में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। ACB के अनुसार, ये कार्रवाई संदिग्ध बेनामी लोगों के परिसरों में की गई, जिनके DSP से कथित वित्तीय लेन-देन की जांच चल रही है।
तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने संदिग्ध बेनामी संपत्तियों से संबंधित कई दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की। बोम्मा वेंकटेश के आवास से करीब ₹1.35 करोड़ नकद, विदेशी मुद्रा और लगभग 14 लीटर विदेशी शराब मिलने की जानकारी ACB ने दी है।
ACB ने विदेशी शराब की बरामदगी की जानकारी आबकारी विभाग को दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, शराब से जुड़े मामले में आबकारी विभाग की ओर से कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
यह छापेमारी DSP भीम रेड्डी के खिलाफ चल रही आय से अधिक संपत्ति की जांच की आगे की कड़ी है। ACB ने पहले भी इस मामले में कई ठिकानों पर कार्रवाई की थी। बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी को खंगाला जा रहा है।
ACB के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और बरामद सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















