रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। झारखंड सरकार के कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में Pan IIT Alumni Foundation ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 3,044 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का काम किया है।
नियुक्ति पाने वालों में कल्याण गुरुकुल के 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज के 746 और ITI कौशल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं। इनमें करीब 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में नौकरी करने का अवसर मिला है।
AI प्रशिक्षण को लेकर हुआ MoU
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में पहल की गई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में प्रेझा फाउंडेशन और IIT मद्रास की पहल ‘Pravartak – AI for All’ के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बदलते समय के अनुसार युवाओं के कौशल को विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ हुनर और AI जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं भी दीं।
















