धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर धनबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई। बैठक में पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, रात्रि गश्ती, चोरी-गृहभेदन की रोकथाम और लंबित आर्म्स एक्ट मामलों के निष्पादन को लेकर रणनीति तैयार की गई।
पंडालों में CCTV और अग्नि सुरक्षा अनिवार्य
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। प्रत्येक पूजा पंडाल का निरीक्षण भी थाना प्रभारी करेंगे।
पंडालों में CCTV कैमरे और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम अनिवार्य किए गए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है। पंडालों के पास सहायता केंद्र बनाकर पुलिस, अस्पताल, स्वास्थ्य, अग्निशमन और बिजली विभाग के जरूरी संपर्क नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया है।
DJ बजा तो लाइसेंस होगा रद्द
पुलिस के अनुसार, दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक किसी भी पूजा समिति द्वारा DJ का इस्तेमाल किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। DJ बजते पाए जाने पर संबंधित पूजा समिति का लाइसेंस तत्काल रद्द करने, समिति के पदाधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई और DJ जब्त करने का निर्देश दिया गया है। साउंड ऑपरेटर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है।
आठ जोन और तीन सुपर जोन में होगी रात्रि गश्ती
चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए धनबाद जिले के थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी रात में भ्रमण कर गश्ती की निगरानी करेंगे।
इन आठ जोन को तीन सुपर जोन में बांटा गया है। डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी अपने-अपने सुपर जोन में रात्रि गश्ती की निगरानी करेंगे। एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष नजर
पूजा के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। ऑटो-टोटो की मनमानी, गलत जगह पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
श्रमिक चौक की जर्जर सड़क और बरमसिया पुल के पास FCI वाहनों की पार्किंग से होने वाली यातायात समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित विभागों के साथ कार्रवाई करने को कहा गया है।
दो माह में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश
बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। सभी थाना प्रभारियों को अगले दो माह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही, यातायात प्रबंधन में चूक या रात्रि गश्ती में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय करने की बात कही है।
















