गिरिडीह: दुर्गापूजा के त्योहार को देखते हुए पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 पर कार्रवाई करते हुए करीब 8.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹4.20 लाख बताई जा रही है।
ओडिशा से भभुआ ले जाया जा रहा था गांजा
जांच के दौरान आरपीएफ जवानों ने एक संदिग्ध युवक के बैग की तलाशी ली, जिसमें से गांजे की यह खेप बरामद हुई। पकड़ा गया आरोपी बिहार के रोहतास जिले का निवासी बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह गांजे की यह खेप ओडिशा (मुनीगुड़ा) से लेकर बिहार के भभुआ जाने की फिराक में था।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ अधिकारियों ने स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। फिलहाल आरपीएफ और पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़े मुख्य नेटवर्क और अन्य तस्करों का सुराग लगाया जा सके।
















