मालदा: महालया के पावन अवसर पर पितरों की स्मृति और उनकी आत्मा की शांति के लिए शनिवार तड़के से ही मालदा शहर के महानंदा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। बड़ी संख्या में पहुंचे पुरुषों और महिलाओं ने नदी में पवित्र डुबकी लगाने के बाद वैदिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने पूर्वजों का तर्पण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मनाए जाने वाले इस महापर्व पर शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग महानंदा नदी के तट पर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा-सुविधा को ध्यान में रखते हुए अंग्रेजबाजार नगरपालिका द्वारा पहले ही नदी घाटों की साफ-सफाई और विशेष सजावट की व्यवस्था की गई थी। महालया की सुबह महानंदा घाटों पर भक्तिभाव और आस्था का अनूठा माहौल देखने को मिला।
















