धनबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार धनबाद जिले में मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिले के कुल 2484 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इस अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, सुनवाई प्रक्रिया से संबंधित सहायता लेने और सूची में आवश्यक सुधार कराने वाले नागरिक अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिले में 46 सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) और 6 निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) भी सहायता के लिए उपलब्ध हैं।
नागरिक टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही ECINET ऐप में उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा के माध्यम से भी अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के योग्य कोई भी नागरिक छूटने न पाए। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
















