धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के बलियापुर चौक पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान रामधनी साव के पुत्र प्रेम कुमार महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
युवक की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, गुस्साए परिजन और ग्रामीण मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की भी मांग उठाई।
सड़क जाम के कारण बलियापुर चौक के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धनबाद और सिंदरी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल, ग्रामीण मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
















