धनबाद: साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने ‘साइबर शील्ड’ अभियान के तहत टुंडी थाना क्षेत्र के भालपहाड़ी गांव में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 20 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान में 17 पुलिस पदाधिकारी और 80 महिला एवं पुरुष जवान शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार मंडल, उत्तम कुमार मंडल और अजीत कुमार मंडल (तीनों टुंडी के भालपहाड़ी निवासी), दिलीप कुमार मंडल (देवघर) और उमेश कुमार राणा (कोडरमा) के रूप में हुई है।
ये सामान हुए बरामद:
- 20 मोबाइल फोन, जिनमें 4 आईफोन शामिल हैं
- 3 लैपटॉप
- 23 बैंक पासबुक और 10 चेकबुक
- 16 एटीएम कार्ड
- 4 आधार कार्ड और 4 पैन कार्ड
- 1 ई-पॉस मशीन, 3 आरसी बुक और 1 ग्रीन रेमिट कार्ड
इस मामले में टुंडी थाना कांड संख्या 77/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(C) व 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
















