जामताड़ा: बिहार की राजधानी पटना से चोरी हुई टाटा नेक्सन कार को जामताड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर घेराबंदी कर कार को पकड़ा और उसे चला रहे बिहार के जहानाबाद निवासी मोहित कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र से 14 अक्टूबर की रात कार चोरी हुई थी। वाहन मालिक अजय कुमार ने 15 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना से कार के झारखंड की ओर जाने का पता चला। इसके बाद पटना पुलिस ने जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह को सूचना दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने हाईवे पर निगरानी बढ़ाई और जामताड़ा थाना क्षेत्र के सतसाल-बसनली के पास संदिग्ध कार को रोककर जांच की।
कार चोरी की होने की पुष्टि के बाद उसे जब्त कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में गिरफ्तार युवक की क्या भूमिका थी और क्या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह का हाथ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















