बिशनपुर: खोरीमहुआ-धनवार मुख्य मार्ग पर बिशनपुर के समीप क्रेटा कार और यात्री ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार क्रेटा अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
















