रांची: झारखंड में पर्यटन को नया आयाम देने के लिए रामगढ़ जिले की नॉर्थ उरीमारी ओपन-कास्ट कोयला खदान में माइनिंग टूरिज्म की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत पर्यटक खनन प्रक्रिया, विशाल मशीनों और कोयला निकालने के काम को करीब से देख सकेंगे।
इस टूर में पर्यटकों को अधिकृत गाइड और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के कर्मचारियों के साथ खदान का भ्रमण कराया जाता है। निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत लाइव ब्लास्टिंग देखने की सुविधा भी आकर्षण का हिस्सा है।
यात्रा की शुरुआत रांची से होती है, जहां से पर्यटकों को विशेष वाहनों के जरिए उरीमारी ले जाया जाता है। रास्ते में पतरातू घाटी में ठहराव भी शामिल है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गाइडेड टूर का शुल्क प्रति व्यक्ति 2,500 रुपये और GST है। इसके लिए पहले से बुकिंग करानी होती है।
इस पहल को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माइनिंग टूरिज्म परिकल्पना से जोड़ा गया है। झारखंड पर्यटन विकास निगम और CCL के बीच हुए समझौते के बाद सितंबर 2025 में पर्यटकों का पहला दल खदान पहुंचा था। अब राज्य में अन्य खदानों को भी पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
















