झारखंड: तमिलनाडु के वेल्लोर में झारखंड भवन के निर्माण की दिशा में पहल आगे बढ़ी है। राज्य सरकार को इसके लिए 1.25 एकड़ जमीन मिल गई है। अब जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जाएगी।
वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में झारखंड से भी बड़ी संख्या में मरीज गंभीर बीमारियों का इलाज कराने पहुंचते हैं। लंबे समय तक इलाज, जांच और ऑपरेशन के दौरान मरीजों के परिजनों को वहां रहने और खाने-पीने की व्यवस्था करने में काफी खर्च उठाना पड़ता है।
झारखंड भवन बनने से राज्य से इलाज कराने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को ठहरने के लिए किफायती सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल सकती है और वे इलाज पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करीब दो वर्ष पहले भवन निर्माण विभाग को वेल्लोर में झारखंड भवन बनाने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया था। जमीन उपलब्ध होने के बाद अब परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
















