रांची/चान्हो: पश्चिम बंगाल पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के ओपा गांव में छापेमारी कर चोरी के खाद्य तेल से लदा ट्रक बरामद किया है। मामले में चंदन गुप्ता नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक में डालडा (पाम ऑयल) लदा था। बरामद तेल की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि तेल को दीपावली और छठ के दौरान बाजार में खपाने की योजना थी।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के हल्दिया क्षेत्र में नेपाल भेजे जा रहे तेल टैंकर से करीब 5.5 मीट्रिक टन खाद्य तेल चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस चान्हो के ओपा गांव पहुंची।
फिलहाल पुलिस तेल की खेप की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आ सकती है।
















