धनबाद: ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टुंडी प्रखंड की 17 महिलाओं को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिला उद्यान कार्यालय की ओर से जामकोल और सनियाडीह पंचायतों में आयोजित किया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं के बीच 20 मधुमक्खी कॉलोनी, आठ फ्रेम वाले 20 मधुमक्खी बक्से, एक हनी एक्सट्रैक्टर मशीन और अन्य जरूरी उपकरण वितरित किए गए। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को मधुमक्खी पालन के जरिए स्वरोजगार उपलब्ध कराना और उनकी आय बढ़ाना है। इससे शहद उत्पादन के साथ फसलों में परागण को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे कृषि एवं बागवानी की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
















