रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में क्रिएटिव यूनिक डिस्कवरी प्लेटफॉर्म, गुमला से जुड़े मेधावी और रचनात्मक विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या गांव की सीमाओं की मोहताज नहीं होती। मेहनत और लगन से छोटे शहरों और गांवों के विद्यार्थी भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान, समझ और अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और नियमित मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, मोबाइल का सीमित उपयोग करने और पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी भाग लेने की सलाह दी। साथ ही ईमानदारी, विनम्रता और दूसरों की सहायता करने की भावना अपनाने का संदेश दिया।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत@2047 के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होगी। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग समाज एवं देश के विकास में करना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
















