धनबाद: डोमनपुर मौजा में करीब 8 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब धमकी देने के आरोपों तक पहुंच गया है। रविवार को रैयत मंशु महतो और राजेंद्र महतो ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर दूसरे पक्ष के कुछ लोगों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
मंशु महतो का आरोप है कि भूदा निवासी सुदीप मामा कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि उनके पास धमकी से संबंधित रिकॉर्डिंग भी मौजूद है और जरूरत पड़ने पर वे पुलिस में लिखित शिकायत करेंगे।
रैयत निरंजन महतो के अनुसार, विवाद करीब 8 एकड़ सीएनटी जमीन से जुड़ा है। उनका कहना है कि यह जमीन कई साल पहले लीज पर दी गई थी। वहीं, दूसरे पक्ष का दावा है कि उन्होंने जमीन खरीदी है और यह खरीद-बिक्री का मामला है।
रैयतों ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















