देवघर: पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान टीम ने सत्संग चौक और जसीडीह बाजार के विभिन्न मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया।
जसीडीह स्थित मुन्नीलाल स्वीट्स से बूंदी लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
विभाग ने दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री इस्तेमाल करने, साफ-सफाई बनाए रखने, वैध खाद्य लाइसेंस के साथ कारोबार करने और अज्ञात स्रोत से प्राप्त खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया।
अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।
















