धनबाद: पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय के लटानी परिसर में सोमवार को नए बीआरसी (BRC) भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने नारियल फोड़कर किया।
भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल की ओर से करीब 50 लाख रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि जल्द ही पूर्वी टुंडी क्षेत्र में विकास योजनाओं की गति तेज होगी। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के अवसर पर क्षेत्र में करीब एक दर्जन योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इनमें विद्यालय भवन, सड़क निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी कार्य शामिल हैं।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास योजनाओं से अछूता नहीं रहेगा। इस दौरान बसंत महतो, गिरिलाल किस्कू, अजीत मिश्रा, प्रबोध मंडल, सपन मंडल, रफीक अंसारी सहित कई लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।
















