धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के देबियाना गेट के पास NH-19 पर बुधवार सुबह सड़क हादसे में 35 वर्षीय उत्तम कुंभकार की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी कल्पना कुंभकार (30) और 10 वर्षीय बेटा विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए SNMMCH धनबाद में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तम अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से मुगमा के कापासाड़ा में भाईफोटा मनाने जा रहे थे। इसी दौरान देबियाना गेट के पास निरसा की ओर मुड़ रहे एक हाईवा की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में उत्तम की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, उत्तम एक फैक्ट्री में काम करते थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने NH-19 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
















