गोमो (धनबाद): बेटे की शादी की तैयारियों के बीच एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बुधवार शाम हरिहरपुर थाना क्षेत्र के पावापुर कटिंग के पास कार की टक्कर से 55 वर्षीय हफीजुद्दीन अंसारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जरीना खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर गांव निवासी हफीजुद्दीन अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से चितरपुर जा रहे थे। उनके बेटे तौफीक अंसारी की शादी 27 नवंबर को होनी थी और दंपती इसी सिलसिले में रिश्तेदारों को शादी का कार्ड बांटने निकले थे।
बताया जाता है कि पावापुर कटिंग के पास सड़क पार करने के दौरान बंगाल नंबर की महिंद्रा XUV ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें साहुबहियार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हफीजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल जरीना खातून को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंची हरिहरपुर और तोपचांची थाना पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में वाहन मालिक से बातचीत और मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद जाम हटाया गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाईवे के एक तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
बताया गया कि हफीजुद्दीन गुजरात में काम करते थे और बेटे की शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।
















