रांची: झारखंड में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में 11.1 डिग्री और रांची में 15.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके साथ ही 12 से 16 नवंबर तक सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाए रहने का अनुमान है।
रांची में 12 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री रहने की संभावना है। 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, अगले पांच दिनों में गुमला का न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और लातेहार का 10 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।
















