पूर्वी सिंहभूम: जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर कई भट्टियों को ध्वस्त किया। बोड़ाम और सुंदरनगर थाना क्षेत्रों के जंगलों में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 850 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर अवैध शराब बरामद की।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस टीम ने बोड़ाम के मुकरूडीह और लाइलोंम तथा सुंदरनगर के करवाडूंगरी जंगल में कार्रवाई की। इस दौरान शराब बनाने वाली भट्टियों को नष्ट किया गया। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी नष्ट कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















