धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 37 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 18,400 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 20,020 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान पटना जिले के फतुहा निवासी सन्नी कुमार (30) और राहुल कुमार (28) के रूप में हुई है। दोनों गंगा-दामोदर एक्सप्रेस (13329) से पटना जाने की तैयारी में थे।
बराकर से शराब लाकर बिहार में बेचने की योजना
पूछताछ में आरपीएफ ने दावा किया कि दोनों युवक बराकर से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे। तलाशी के दौरान सन्नी के बैग से 21 और राहुल के बैग से 16 बोतलें बरामद हुईं।
आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
















