धनबाद: झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर जमशेदपुर में हुए कथित हमले के विरोध में बुधवार को रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की CBI जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सूर्य सिंह बेसरा को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
धरने की अध्यक्षता प्रमोद चौरसिया ने की, जबकि संचालन जितेंद्र नाथ महतो ने किया। मुख्य अतिथि शंकर किशोर महतो और विशिष्ट अतिथि शिवशंकर शर्मा मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांग-पत्र सौंपा। इसमें 17 नवंबर 2026 को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी कार्यक्रम के दौरान हुई घटना की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान और सूर्य सिंह बेसरा व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।
धरना में रतिलाल महतो, कुल्लू चौधरी, दयाल महतो, विनोद महतो, संतोष कुशवाहा, पारस प्रसाद, बबलू अंसारी और श्याम सुंदर सिन्हा सहित कई आंदोलनकारी शामिल हुए।
















