जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी में छापेमारी की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच का संबंध साइबर अपराध थाना कांड संख्या 77/26 और अन्य पांच का कांड संख्या 76/26 से बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। जांच में सामने आया है कि वे मोबाइल के माध्यम से लोगों की बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकालते थे। गिरोह के कुछ सदस्य कमीशन के बदले सिम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे। इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
पुलिस के जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से 25 नवंबर 2026 तक जिले में साइबर अपराध के मामलों में कुल 170 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इस दौरान 410 मोबाइल, 490 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक और चार लैपटॉप जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं।
















