धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 25 नवंबर 2026 को मंडल कारा, धनबाद में बंदियों और कारा कर्मियों की सुविधाओं के लिए कई नई व्यवस्थाओं की शुरुआत की गई। उपायुक्त के सौजन्य से स्थापित ओपन जिम, बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और बच्चों के लिए क्रेच का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (बोकारो रेंज), उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी और मंडल कारा के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान बंदियों के बीच बैडमिंटन और वॉलीबॉल का सामान, म्यूजिक बैंड, लूडो, कैरम बोर्ड तथा ज्ञानवर्धक पुस्तकें वितरित की गईं। महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को खिलौने भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पूरे कारा परिसर का निरीक्षण किया और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
















