बाघमारा: तेतुलमारी थाना क्षेत्र स्थित सोनी ज्वेलर्स दुकान में बुधवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान की छत का कर्कट तोड़कर अंदर घुसे और करीब एक लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। गुरुवार को दुकानदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर तेतुलमारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि दुकान थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
इधर, स्थानीय लोगों ने रात के समय इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और युवकों के जमावड़े की शिकायत की है। हालांकि, इन गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना की जांच कर रही है।
















