कर्नाटक की राजधानी Bengaluru में धनबाद की रहने वाली 34 वर्षीय पूजा दत्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पूजा दत्ता का शव उनके किराए के फ्लैट से अर्ध-सड़ी अवस्था में बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत 2–3 दिन पहले हो चुकी थी। घटना का खुलासा तब हुआ जब अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने तेज दुर्गंध की शिकायत पुलिस से की। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया, वहीं कमरे से कुछ फटे हुए कागज भी मिले हैं।
मूल रूप से Dhanbad के हीरापुर स्थित इंद्रदेव टावर की निवासी पूजा दत्ता एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल थीं। उनके पति की मृत्यु वर्ष 2021 में कोविड के दौरान हो गई थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने करियर को फिर से संभाला और 2023 में बेंगलुरु जाकर काम शुरू किया।
परिजनों का कहना है कि पूजा मानसिक रूप से मजबूत थीं और ऐसा कोई कदम नहीं उठा सकती थीं। ऐसे में परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं—आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य कारण—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
















