धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीपीएल कोटा में एडमिशन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।
गलत जानकारी देने वालों के विरुद्ध की जाएगी सख्त कार्रवाई
एडमिशन के लिए वेबसाइट rtedhanbad.in पर ऑनलाइन आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे। आवेदक को संबंधित वार्ड पार्षद या पंचायत के मुखिया से अपने घर का पता सत्यापित करना अनिवार्य होगा। साथ ही घर के बाहर खींची गई जियो टैग तस्वीर लोकेशन के साथ अपलोड करनी होगी। एडमिशन के लिए 30 मई 2026 तक अभिभावक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं बीपीएल कोटा में एडमिशन के लिए अभिभावकों को सही जानकारी देने से संबंधित एफिडेविट देना होगा। जबकि गलत जानकारी देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
BPL Admission process
वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार ने बताया कि जिले के सभी कोटि के मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (अल्पसंख्यक विद्यालयों को छोड़कर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीपीएल कोटा की 25% सीटों पर नामांकन होने हैं। जिसमें 83 स्कूलों के 1537 सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे।
83 स्कूलों में बीपीएल कोटा की 1537 सीट उपलब्ध
उन्होंने बताया कि नर्सरी या एलकेजी में 938, यूकेजी में 272 तथा कक्षा एक में 327 सीटों पर एडमिशन हो सकेगा। आवेदक को संबंधित वार्ड पार्षद या पंचायत के मुखिया से अपने घर का पता सत्यापित करना होगा। सभी आवेदन ऑनलाइन जमा करने होंगे। आवेदनों की जिला स्तर पर जांच की जाएगी। अभ्यर्थियों का सत्यापन घर-घर जाकर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवासीय पते के सत्यापन के लिए एक फॉर्मेट भी ऑनलाइन मिलेगा। जिसका प्रिंट आउट निकाल कर वार्ड पार्षद या पंचायत के मुखिया से सत्यापित कराकर वेबसाइट पर अपलोड करना है। यदि आवेदक अपना पता गलत बताएंगे तो सत्यापन की प्रक्रिया में ही आवेदन रुक जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया 6 मई 2026 से 30 मई 2026 तक वेबसाइट rtedhanbad.in पर ऑनलाइन की जा सकती है। वेबसाइट पर एडमिशन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध है।
Team PRD Dhanbad
















