भागलपुर: Tilka Manjhi Bhagalpur University में प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ एक छात्र ने मोर्चा खोल दिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने से परेशान छात्र ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छात्र सोनू कुमार, जो सत्र 2022-25 का विद्यार्थी है, ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं किया गया। इसकी वजह से उसे जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज नहीं मिल पा रहे हैं और आगे की पढ़ाई व नामांकन प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
छात्र ने बताया कि उसने इस मामले को लेकर 21 अप्रैल और 28 अप्रैल 2026 को परीक्षा नियंत्रक को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया।
6 मई से शुरू किया आमरण अनशन
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज छात्र ने 6 मई 2026 को सुबह 11 बजे से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर आमरण अनशन शुरू कर दिया। छात्र का कहना है कि जब तक उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर संबंधित कॉलेज को नहीं भेजा जाता, तब तक उसका अनशन जारी रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी
फिलहाल इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं छात्र संगठनों और अन्य विद्यार्थियों के बीच भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।














